नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं के बड़े-बड़े दावों की जमीनी हकीकत क्या है, इसकी तस्वीर द्वारका स्थित इंदिरा गांधी अस्पताल से सामने आए एक मामले ने दिखा दी है। यहां करीब 70 वर्षीय जयप्रकाश सिंह पिछले 15 दिनों से भर्ती हैं। परिजनों के आरोपों के मुताबिक अब तक उनका ऑपरेशन नहीं हो पाया है। मरीज दर्द से परेशान है। चलने-फिरने में असमर्थ है। अस्पताल में इलाज के बजाय परिवार को कभी एक विभाग तो कभी दूसरे विभाग के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
घर में गिरे, कूल्हा टूटा — फिर शुरू हुआ इंतजार
जानकारी के अनुसार, जयप्रकाश सिंह घर में फिसलकर गिर गए थे। इससे उनके कूल्हे में गंभीर चोट आई। परिजन उन्हें इमरजेंसी में लेकर पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती किया गया। डॉक्टरों ने ऑपरेशन की बात कही और कूल्हा बदलने की जरूरत बताई। लेकिन इसके बाद इलाज में देरी का सिलसिला शुरू हो गया।
पहले BP का बहाना, अब मशीन खराब
परिजनों का कहना है कि करीब एक सप्ताह तक BP बढ़ा होने की बात कहकर ऑपरेशन टाला जाता रहा। अब 15 दिन से अधिक समय बीतने के बाद भी ऑपरेशन नहीं हुआ है। ECG जैसी जरूरी जांच के लिए भी परिवार को 3-4 बार अलग-अलग विभागों के चक्कर लगाने पड़े। आरोप है कि मशीन खराब होने की बात कहकर मरीज को वापस भेज दिया गया।

परिजन खुद ECG मशीन लेकर आए
आखिरकार परिजन आशु सिंह खुद ECG मशीन लेकर आए और जांच करवाई। जरा सोचिए, जिस अस्पताल में मरीज इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचता है, वहां उसके परिवार को खुद मशीन की व्यवस्था करनी पड़े, तो अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना लाजमी है।
बेड पर जिंदगी, संक्रमण का भी खतरा
मरीज की हालत लगातार कमजोर हो रही है। परिजनों के अनुसार, वह न चल पा रहे हैं और न ही खुद उठ-बैठ पा रहे हैं। यहां तक कि बाथरूम जाने के लिए भी उन्हें बेड पर निर्भर रहना पड़ रहा है। लंबे समय तक बिस्तर पर रहने से संक्रमण और दूसरी जटिलताओं का खतरा बढ़ सकता है। आखिर मरीज की इस हालत की जिम्मेदारी किसकी है?

बड़े नेता की सिफारिश भी बेअसर
परिजनों का दावा है कि एक बड़े केंद्रीय नेता की सिफारिश तक लगाई जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। जब राजनीतिक पहुंच रखने वाले परिवार को भी अस्पताल में इस तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, तो उस आम गरीब व्यक्ति की क्या स्थिति होगी, जिसके पास न सिफारिश है और न ही किसी अधिकारी तक पहुंच?
दिल्ली सरकार और अस्पताल प्रशासन से सवाल
क्या सरकारी अस्पतालों में मशीनें खराब होने का मतलब मरीजों का इलाज रोक देना है? क्या डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की कमी का खामियाजा मरीज अपनी जान और सेहत दांव पर लगाकर भुगतेंगे? क्या अस्पताल प्रशासन की कोई जवाबदेही नहीं है? यह सिर्फ एक मरीज की परेशानी नहीं, बल्कि सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की जवाबदेही का सवाल है। सरकार चाहे किसी भी पार्टी की हो, जनता को भाषण और विज्ञापन नहीं, समय पर इलाज चाहिए।
जयप्रकाश सिंह को आखिर कब मिलेगा इलाज? क्या अस्पताल प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है? अब इस मामले में अस्पताल प्रशासन और दिल्ली सरकार को जवाब देना चाहिए।
अस्पताल का पक्ष आना बाकी
यह खबर मरीज के परिजनों से प्राप्त जानकारी और उनके आरोपों पर आधारित है। अस्पताल प्रशासन का पक्ष मिलने पर उसे भी शामिल किया जाएगा।
