उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के पवनी गाँव में मंगलवार शाम भीषण आग लग गई (Uttarkashi Pawani village fire)। आग शाम 4:49 बजे लगी और देखते ही देखते कई मकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
रिपोर्टों के अनुसार, इस आग में 20 से अधिक मकान जल गए हैं। पवनी गाँव मोरी तहसील के अंतर्गत आता है।
राहत और बचाव कार्य जारी
आग की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सभी विभागों के अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में लगाने के निर्देश दिए हैं।
एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुँच गई हैं। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया जा रहा है।

CM धामी ने जताया दुख
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने इसे बेहद दुखद बताया और जिला प्रशासन को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा कि सूचना मिलते ही प्रशासन ने तुरंत टीमें भेजीं। प्रभावित परिवारों को आश्रय, पेयजल, कंबल और जरूरी सामान उपलब्ध कराया जा रहा है।
नुकसान का आकलन होगा
मुख्यमंत्री ने कहा है कि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा। इसके बाद प्रभावित परिवारों को नियमों के अनुसार राहत दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी संवेदना के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।

