उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ा मौका आया है (UKSSSC SI Recruitment 2026)। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने पुलिस में सब इंस्पेक्टर के 200 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
किन पदों पर कितनी भर्ती
विज्ञापन संख्या 85/UKSSSC/2026 के तहत कुल 200 पदों पर भर्ती होगी। इनमें उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) के 93 पद, उप निरीक्षक (अभिसूचना) के 19 पद, प्लाटून कमांडर (पीएसी/आईआरबी) के 81 पद, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के 5 पद और उप आबकारी निरीक्षक के 2 पद शामिल हैं।
नोटिफिकेशन 25 नवंबर 2026 को जारी हुआ है। ऑनलाइन आवेदन 1 दिसंबर 2026 से शुरू होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2026 है।

योग्यता क्या चाहिए
उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस और अभिसूचना) और प्लाटून कमांडर के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक की डिग्री चाहिए।
अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के लिए बीएससी की डिग्री के साथ कंप्यूटर एप्लीकेशन में छह महीने का प्रमाणपत्र चाहिए। उप आबकारी निरीक्षक के लिए 12वीं पास होना जरूरी है।
आयु सीमा और शारीरिक मापदंड
1 जुलाई 2026 को आयु सीमा इस प्रकार है — सब इंस्पेक्टर, प्लाटून कमांडर और अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के लिए 21 से 35 साल। उप आबकारी निरीक्षक के लिए 21 से 42 साल। उत्तराखंड सरकार के नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी।
पुरुष अभ्यर्थियों के लिए ऊँचाई 167.7 सेंटीमीटर और सीना 78.8 से 83.8 सेंटीमीटर होना चाहिए। महिला अभ्यर्थियों के लिए ऊँचाई 152 सेंटीमीटर (पहाड़ी/अनुसूचित जनजाति के लिए 147 सेंटीमीटर) और न्यूनतम वजन 45 किलोग्राम है।

चयन प्रक्रिया और परीक्षा तारीख
चयन दो चरणों में होगा। पहले चरण में शारीरिक मानक परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। इसमें सफल अभ्यर्थियों को दूसरे चरण में 200 अंकों की लिखित परीक्षा देनी होगी।
लिखित परीक्षा की संभावित तिथि 18 अप्रैल 2027 है। इसके बाद दस्तावेज जाँच और मेडिकल परीक्षा होगी। आवेदन में 4 से 6 जनवरी 2027 तक सुधार किया जा सकेगा।
आवेदन कैसे करें
इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट sssc.uk.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के दौरान हाईस्कूल प्रमाणपत्र और आधार कार्ड की छायाप्रति अपलोड करनी होगी।
उत्तराखंड के रोजगार कार्यालय में पंजीकरण, उत्तराखंड का अधिवास प्रमाणपत्र या उत्तराखंड से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट पास होना जरूरी है। आवेदन शुल्क सामान्य और उत्तराखंड ओबीसी वर्ग के लिए 300 रुपये है। आवेदन करने से पहले आधिकारिक विज्ञापन को ध्यान से पढ़ लें।
राज्य में युवाओं के लिए नौकरियों का सिलसिला जारी है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने 36 नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र सौंपे थे। बेटियों के लिए नंदा गौरा योजना के तहत भी मदद दी जा रही है।
