गढ़ी पुख्ता (शामली): देश की रक्षा में 16 वर्ष तक अपनी बहादुरी और समर्पण से सेवा देने वाले सेना के जवान रॉबिन सिंह का रविवार को सेवानिवृत्ति के बाद अपने गृह नगर गढ़ी पुख्ता पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। जैसे ही रिटायर फौजी के आने की खबर कस्बे और आसपास के गांवों में फैली, लोगों में उत्साह की लहर दौड़ गई।
सेना से रिटायर होकर घर लौटे रॉबिन सिंह का कस्बे में जगह-जगह फूलमालाओं से स्वागत किया गया। देशभक्ति गीतों और नारों से पूरा माहौल देशभक्ति से गूंज उठा। इस अवसर पर कस्बे में एक विशाल रैली भी निकाली गई, जिसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए।
सेना से रिटायर हुए अपने भाई फौजी रॉबिन सिंह का भव्य स्वागत देखकर समाजसेवी रॉकी चौधरी भावुक हो गए और उनकी आंखें गर्व से नम हो उठीं।

गढ़ी पुख्ता में जन्मे रॉबिन सिंह ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा यहीं से प्राप्त की थी। वे 27 मार्च 2010 को भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और राजपूताना राइफल पैरा रेजीमेंट 23 पैरा विशेष बल में सेवा दी। उन्होंने कश्मीर समेत देश के कई संवेदनशील क्षेत्रों में अपनी वीरता और निष्ठा से योगदान दिया। देश सेवा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें सैना अध्यक्ष प्रशंसा पत्र (Army Chief Commendation Card) से सम्मानित किया गया था।

रॉबिन सिंह के स्वागत कार्यक्रम में परिवारजन, रिश्तेदार, शिक्षक, मित्र, जनप्रतिनिधि, रिटायर फौजी और आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने गर्व और सम्मान के साथ उनका अभिनंदन किया।
Also Read: Shamli- Delhi के बीच नई ट्रेनों की शुरुआत, यात्रियों को बड़ी राहत
