CM Saini Mati Vandan Abhiyan Morni natural farming को लेकर हरियाणा के पंचकूला जिले के मोरनी ब्लॉक में मंगलवार को राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने माटी वंदन अभियान के भव्य शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने राज्य के पहले जैविक और प्राकृतिक खेती किसान मेले में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन मिट्टी को उपजाऊ बनाने, किसानों को आर्थिक रूप से संबल प्रदान करने और राष्ट्र को सशक्त करने की दिशा में एक ऐतिहासिक संकल्प है।

शिवालिक की पहाड़ियों से बहेगी हरियाली की गंगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवालिक की इन पहाड़ियों से जो हरियाली की गंगा बहेगी, वह पूरे हरियाणा के खेतों को सींचने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि मोरनी को देश का आदर्श जैविक और प्राकृतिक खेती वाला ब्लॉक बनाया जाएगा। वर्तमान में मोरनी में 15 पॉलीहाउस स्थापित हो चुके हैं, जहां प्रतिवर्ष 15 से 20 लाख आलू की पौध तैयार की जाती है।
15 विशेष कार्यक्रम और विश्व मृदा दिवस
मुख्यमंत्री ने बताया कि माटी वंदन अभियान और नमो मोरनी मिशन की शुरुआत की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश भर में राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन चल रहा है। इसके तहत इस पखवाड़े के दौरान हरियाणा में कुल 15 विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आगामी 5 दिसंबर को विश्व मृदा दिवस के अवसर पर एक बड़े राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें सिक्किम सहित देश के अन्य राज्यों से आए कृषि वैज्ञानिक अपने अनुभव और सफल मॉडल साझा करेंगे।
प्राकृतिक खेती के आंकड़े और देसी गाय पर सब्सिडी
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में अब तक लगभग 2 लाख किसानों ने करीब 3 लाख एकड़ कृषि भूमि का पंजीकरण कराया है। लगभग 24 हजार किसान 44 हजार एकड़ से अधिक जमीन पर प्राकृतिक खेती की शुरुआत कर चुके हैं। प्राकृतिक खेती की मूल आत्मा देसी गाय को माना जाता है, इसलिए सरकार ने वर्ष 2025 से देसी गाय की खरीद पर मिलने वाली सब्सिडी को बढ़ाकर 30 हजार रुपये कर दिया है। इसके साथ ही हरियाणा देश का ऐसा पहला राज्य बन गया है, जो वीटा बूथों के माध्यम से शुद्ध देसी गाय का A2 दूध उपलब्ध करा रहा है।

मोरनी के विकास के लिए 7 बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने मोरनी क्षेत्र के लिए 7 प्रमुख घोषणाएं कीं। उन्होंने ऐलान किया कि किसानों की हर समस्या का समाधान अब एक ही छत के नीचे होगा। इसके लिए समर्पित हेल्पलाइन नंबर 01733-297010 शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वर्ष 2029 तक मोरनी को पूरी तरह से सिक्किम की तर्ज पर आदर्श जैविक खेती ब्लॉक के रूप में विकसित किया जाएगा।
मोरनी ऑर्गेनिक फ्रेश ब्रांड से बिकेंगे उत्पाद
हैफेड संस्था जैविक उत्पादों की खरीदी के लिए नोडल एजेंसी होगी। वह इन्हें मोरनी ऑर्गेनिक फ्रेश ब्रांड के नाम से बाजार में उतारेगी। इसके अलावा राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत सामुदायिक संसाधन कर्मियों को 5,000 रुपये अतिरिक्त यानी कुल 10,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। इस मेले में किसानों को गेहूं और सब्जियों के बीज, जैविक खाद और पौध का निशुल्क वितरण भी किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार दिलाना है।
