गढ़ी पुख़्ता, शामली, उत्तर प्रदेश।
आपने पिछले कुछ दिनों से महसूस किया होगा कि आपके घर-परिवार में खांसी, जुकाम, गले में खराश और सांस संबंधी परेशानियों के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। अगर आप इसे सिर्फ मौसम में बदलाव समझ रहे हैं, तो सावधान हो जाइए। इसकी एक बड़ी वजह आपके आसपास की जहरीली होती हवा भी हो सकती है।
जी हां, शामली जिले के कस्बा गढ़ी पुख्ता में वायु प्रदूषण का स्तर चिंताजनक स्थिति में पहुंच गया है। AQI.in पर उपलब्ध स्थानीय मॉनिटर के आंकड़ों के मुताबिक, गढ़ी पुख्ता का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 195 दर्ज किया गया, जिसे ‘Unhealthy’ यानी स्वास्थ्य के लिए हानिकारक श्रेणी में रखा गया है। वहीं, दिल्ली का AQI लगभग 130 बताया जा रहा है। ऐसे में गढ़ी पुख्ता की हवा प्रदूषण के मामले में दिल्ली से भी खराब स्थिति में नजर आ रही है।
स्वतंत्र जांच में भी आज शामली क्षेत्र की हवा अस्वस्थ श्रेणी में मिली है।

पराली और पॉलिथीन जलाने के आरोप
स्थानीय स्तर पर बढ़ते प्रदूषण के पीछे खेतों में जलाई जा रही पराली को एक प्रमुख वजह माना जा रहा है। वहीं, ग्रामीणों ने नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों पर बाजार में कूड़े के साथ पॉलिथीन जलाने के भी आरोप लगाए हैं।
पॉलिथीन और प्लास्टिक जलने से निकलने वाला जहरीला धुआं हवा को और प्रदूषित करता है। इसके संपर्क में लंबे समय तक रहने से सांस और फेफड़ों से जुड़ी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में यदि इन आरोपों की जांच कर कार्रवाई नहीं की गई, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
बच्चों और बुजुर्गों पर सबसे ज्यादा खतरा
प्रदूषित हवा का सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों पर पड़ सकता है। इसलिए युवाओं को अपने घर के बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।

जहरीली हवा से बचने के लिए क्या करें?
- बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।
- बाहर जाते समय अच्छी फिटिंग वाला N95 मास्क लगाएं।
- घर लौटने के बाद चेहरे और हाथों को अच्छी तरह साफ करें।
- प्रदूषण अधिक होने पर खिड़की और दरवाजे बंद रखें।
- बच्चों और बुजुर्गों को सुबह-शाम बाहर खेलने या टहलने से बचाएं।
- घर के बाहर व्यायाम और दौड़ने से फिलहाल परहेज करें।
- सांस लेने में परेशानी, लगातार खांसी या सीने में जकड़न होने पर डॉक्टर से संपर्क करें।
अब सवाल यह है कि क्या गढ़ी पुख्ता में बढ़ते प्रदूषण पर नगर पालिका और प्रशासन की नजर जाएगी? क्या खेतों में पराली और खुले में कूड़ा-पॉलिथीन जलाने पर रोक लगेगी, या फिर कस्बे के लोगों को इसी जहरीली हवा में सांस लेने के लिए मजबूर रहना पड़ेगा?
