Uttarakhand census 2026 self enumeration online की प्रक्रिया सोमवार १६ नवंबर २०२६ से उत्तराखंड में शुरू हो गई है। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने लोक भवन, देहरादून में स्व-गणना करके जनगणना-२०२७ के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जनगणना मंत्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और रेखा आर्य ने भी ऑनलाइन स्व-गणना कर जनगणना अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

१६ से ३० नवंबर तक घर बैठे भरें जानकारी
प्रदेशवासियों को स्व-गणना की यह सुविधा कुल पंद्रह दिनों तक, यानी १६ नवंबर से ३० नवंबर २०२६ तक उपलब्ध रहेगी। इस अवधि में नागरिक आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार एवं आवास से संबंधित जानकारी घर बैठे स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखंड की निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव के अनुसार यह सुविधा लोगों को जनगणना में आसानी से भाग लेने का अवसर देती है।

स्व-गणना कैसे करें
स्व-गणना करने के लिए सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in खोलें। इसके बाद पोर्टल पर रजिस्टर करके या लॉगिन करके अपने परिवार और मकान से जुड़ी जानकारी भरें। जानकारी भरने के बाद उसे जमा करें और अपनी एसई आईडी (SE ID) संभालकर रखें। यह आईडी आगे की प्रक्रिया के लिए जरूरी है, इसलिए इसे सुरक्षित रखना चाहिए।
१ दिसंबर से घर-घर जाएंगे प्रगणक
स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद एक दिसंबर २०२६ से ४ जनवरी २०२७ तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। जिन लोगों ने स्व-गणना नहीं की होगी, उनकी जानकारी प्रगणक घर जाकर दर्ज करेंगे। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे तय समय में स्व-गणना पूरी करें और जनगणना अभियान में सहयोग दें।
